आगरा जोन में पुलिस विभाग में भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा 12 नवंबर से 15 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए आगरा में सबसे ज्यादा 11, अलीगढ़ में तीन और मथुरा में एक केंद्र बनाया गया है। परीक्षाएं दो दिसंबर तक चलेंगी।
पुलिस विभाग में दरोगा के 9027, प्लाटून कमांडर के 484 और अग्निशमन अधिकारी द्वितीय के 23 पदों के लिए लिखित परीक्षा कराई जा रही है। प्रदेश में आगरा सहित 13 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एक दिन में तीन पालियों में यह परीक्षा आयोजित होगी। केंद्र में परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लाना जरूरी होगा। बायो मैट्रिक मिलान के बाद परीक्षा में प्रवेश दे दिया जाएगा। प्रत्येक केंद्र का प्रभारी एक सीओ को बनाया गया है।
यह है व्यवस्था
परीक्षा तिथि से दस दिन पहले ही परीक्षार्थियों को केंद्र की जानकारी मिलेगी। परीक्षा से तीन दिन पहले परीक्षार्थी का प्रवेश पत्र वेबसाइट पर डाला जाएगा। जिन संस्थान में 250 कंप्यूटर है, उनको ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्र में परीक्षा के लिए 90 मिनट पहले आना होगा। प्रश्न पत्र कंप्यूटर पर ही डाउनलोड होगा। एक केंद्र पर एक दिन में 750 तक परीक्षार्थी परीक्षा दे सकेंगे।
दरोगा, प्लाटून कमांडर और अग्निशमन अधिकारी द्वितीय के पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए वीडियो कान्फ्रेंसिंग की गई। अधीनस्थों को दिशानिर्देश दे दिए हैं। राजीव कृष्ण, एडीजी जोन