कासगंज। सदर कोतवाली पुलिस ने मोबाइल लूट गैंग का पर्दाफाश किया है। पांच दिन पहले हुई एक लूट के खुलासे ने अन्य वारदातों का भी पर्दाफाश कर दिया। तीन मोबाइल लुटेरे पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। जिनके कब्जे से लूटे गए पांच मोबाइल और मोबाइल बेच कर प्राप्त की गई 2600 रुपये की नकदी दो तमंचे और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। लुटेरों ने पुलिस को बताया है कि वह तमंचे की बट से सिर पर प्रहार करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल लूट लेते थे। एक मोबाइल कासगंज के पीड़ित का है जबकि अन्य चार मोबाइल किसके हैं इसकी जानकारी पुलिस कर रही है।
बीती एक जनवरी को चांडी चौराहा निवासी गुलशन गौड़ से तीन अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल नकदी और पर्स लूट लिया। इसका मुकदमा कासगंज कोतवाली में दर्ज कराया गया। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत के निर्देशन में टीम का गठन किया था। कोतवाली प्रभारी रमेश कुमार की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। अब सफलता मिली है। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि चार संदिग्ध चांडी चौराहे पर खड़े हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मुहल्ला जय जय राम की रामबली कॉलोनी निवासी योगेश गौतम, कृष्णकांत गौतम, मोहित जोशी एवं एटा जिले के गांव ढोलपुर निवासी हिमांशु यादव बताए।