फतेहाबाद। डौकी पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर ट्रक चलाने वाले एक गैंग का खुलासा करते हुए ट्रक बरामद किया है। एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एक अन्य फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
थानाध्यक्ष डौकी बहादुर सिंह ने बताया कि बुधवार की रात सूचना मिली कि एक ट्रक को क्रेन से आगरा ले जाया जा रहा है। जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी है। इस पर पुलिस ने पहुंचकर कोलारा झील चौराहे पर क्रेन को रोका और चालक को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अर्जुन निवासी सैदपुर निबोहरा बताया। ट्रक पर नंबर प्लेट पर आरजे 05 जीए 7451 लिखा था। जांच में पता चला कि ट्रक का असली नंबर आरजे 11 जीए 7332 है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका एक साथी आगे कार में चल रहा था, जिसका नाम बच्चू कबाड़ी उर्फ अनीस अली निवासी खंदारी, आगरा है। ये लोग फाइनेंस कंपनी को चूना लगाकर कबाड़ में बेच देते हैं। बाद इसी नंबर से पुराना ट्रक चलाते हैं। यह कई साल से कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।