बरौली अहीर। क्षेत्र की साधन सहकारी समिति बरौली अहीर और बमरौली कटारा पर मंगलवार को किसानों ने सचिव पर भेदभाव का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। हंगामे की बीच ही किसानों को यूरिया का वितरण किया गया।
बरौली अहीर में मंगलवार को सुबह से ही किसानों की भीड़ समिति पर पहुंच गई। शाम 4 बजे तक नंबर न आने पर किसान भड़क गए और हंगामा करने लगे। बुढेरा के किसान रामप्रकाश ने बताया कि वे सुबह 10 बजे लाइन में लगे थे पर यूरिया नहीं मिला। समिति सचिव देवेंद्र सिंह ने बताया कि यूरिया का वितरण पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जा रहा है। वहीं, बमरौली कटारा में भी किसानों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को शांत कराने के बाद अपनी माैजूदगी में यूरिया वितरण कराया। सचिव सुरेश वर्मा ने बताया कि वितरण का कार्य बुधवार को भी होगा।
दोनों बहु उद्देशीय साधन सहकारी समितियों पर यूरिया का स्टाॅक उपलब्ध है। किसानों को वितरण किया जा रहा है। स्टाॅक रहने तक वितरण किया जाएगा। - जीएस यादव (वीडीओ बरौली अहीर)