फोटो 4जगनेरगैस एजेंसी पर हंगामा संबंधित खबर के फोटो
जगनेर। कस्बा स्थित सरेंधी चौराहे पर संचालित एक गैस एजेंसी पर मंगलवार को उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। पिछले तीन दिनों से बुकिंग के बावजूद गैस सिलिंडर न मिलने से आक्रोशित दर्जनों उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधन पर गैस की कालाबाजारी करने का गंभीर आरोप भी लगाया है।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने तीन-चार दिन पहले ही ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। उनके मोबाइल पर डिलीवरी के लिए ओटीपी भी प्राप्त हो चुका है। इसके बावजूद जब वे एजेंसी पहुंच रहे हैं, तो उन्हें खाली हाथ लौटाया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने रोष जताते हुए कहा कि गैस न मिलने के कारण उनके घरों में चूल्हे ठंडे पड़े हैं और वे रोज काम छोड़कर एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं। हंगामे के दौरान उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारी आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं दे रहे हैं और सिलिंडर की कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर गैस मिल सके। दूसरी ओर एजेंसी कर्मचारियों ने कालाबाजारी के आरोपों को निराधार बताया है। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से कंपनी से गैस की सप्लाई (गाड़ी) नहीं आई है। इस कारण स्टॉक खत्म हो गया है। उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया है। जैसे ही गैस की गाड़ी आएगी, पहले से बुक करा चुके उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर वितरित किए जाएंगे।