आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-वन में सोमवार दोपहर नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर नगर निगम की टीम जब डी ब्लॉक में अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान फड़ संचालक महिला महक चौधरी बुलडोजर पर चढ़ गई और कार्रवाई रोकने की मांग की।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।नगर निगम की टीम सोमवार को कटरा वजीर खां में अभियान चलाने के बाद ट्रांस यमुना कॉलोनी पहुंची। टीम को देखते ही कुछ दुकानदारों ने अपने काउंटर पीछे हटा लिए, जबकि फड़ संचालक फुटपाथ पर बने रहे। उन्हें हटाने के दौरान कपड़ों की फड़ लगाने वाली महिला महक चौधरी बुलडोजर पर चढ़ गई और कार्रवाई रोकने की मांग की।
निगम की टीम ने उन्हें उतारने का प्रयास किया तो उनके पति शिवकुमार चौधरी भी बुलडोजर पर चढ़ गए और कार्रवाई रुकवाने को लेकर हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस ने दोनों को नीचे उतारा और विरोध करने वाले शिवकुमार चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।नगर निगम की टीम ने करीब 100 से अधिक अतिक्रमण हटवाए। कार्रवाई के दौरान कई बार दुकानदारों और निगमकर्मियों के बीच कहासुनी हुई। लोगों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।