आगरा। एकता थाने में सपा नेता विवेक यादव सहित दो पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपी एक महीने पहले पीड़ित युवक के पिता को बहलाकर करोड़ों की जमीन अपने नाम कराने के मामले में जेल गया था। आरोप है कि जमानत पर छूटते ही पीड़ित को धमकाना शुरू कर दिया है। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है।
ग्राम रजरई निवासी शिवम उपाध्याय ने बताया कि आरोपी इंदिरापुरम, शमसाबाद रोड निवासी विवेक यादव ने अपने साथी उखर्रा, राजपुर निवासी दिनेश तोमर के साथ मिलकर पिता संजय की नशे की लत का फायदा उठाकर करोड़ों की जमीन के इकरारनामा पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। कूटरचित दस्तावेज से कब्जे का प्रयास किया। इस संबंध में उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसकी विवेचना चल रही है।
शिवम का आरोप है कि विवेक यादव और दिनेश सिंह तोमर जमानत पर रिहा होने के बाद उन्हें और उनके परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।