मथुरा में दो और कोरोना संक्रमित मिले हैं। धौली प्याऊ निवासी युवक और राधा विहार कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति की रविवार को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इन दोनों इलाकों में पहली बार कोरोना संक्रमित लोग मिले हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। इसी के साथ जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 50 हो गई है।
धौली प्याऊ निवासी 18 वर्षीय युवक तीन दिन पहले ही मुंबई निवासी अपनी बुआ के घर से मथुरा लौटा था। युवक ने दो दिन पहले ही जिला अस्पताल जाकर अपनी कोरोना वायरस की जांच कराई। इसकी रविवार शाम पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से धौली प्याऊ क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सौंख रोड की राधा विहार कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति की भी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इन्होंने भी तीन दिन पहले जिला अस्पताल जाकर अपनी कोरोना की जांच कराई थी। रविवार की शाम इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने से क्षेत्र में हड़कंप है। यह व्यक्ति किडनी का मरीज है, जो तीन दिन पहले जिला अस्पताल अपनी डायलिसिस कराने गया था।