आगरा में बारिश से सड़कों पर पानी, गलियों में कीचड़ और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ने बड़ा फैसला लिया है। चार सितंबर को जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
आसमान से बरस रही आफत ने लोगों को बेहाल कर दिया है। जलभराव और खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर शिक्षा विभाग ने सभी माध्यमिक और अन्य बोर्ड के स्कूलों को चार सितंबर 2025 को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
जारी आदेश के अनुसार भारी बारिश एवं जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई एवं सभी बोर्ड के स्कूलों में प्री प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक का गुरुवार (चार सितंबर) को अवकाश रहेगा।
गाैरतलब है कि बुधवार को आगरा में एक घंटे की बारिश आफत बनकर बरसी। जलभराव से सड़कों पर घंटों जाम रहा। गली-मुहल्ले, पॉश कॉलोनियों और बाजारों में दुकानों में पानी भर गया। एमजी रोड, यमुना किनारा से फतेहाबाद रोड, सिकंदरा हाईवे तक पानी भरने से घंटों वाहन जाम में रेंगते रहे।