कानून व्यवस्था में सुधार की तैयारी
- फोटो : demo pic
आगरा परिक्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच सामंजस्य स्थापित करने के लिए यूपी पुलिस के अधिकारियों ने पहल शुरू कर दी है। हर थाना में पुलिस मित्र बनाए जाएंगे। जोकि पुलिस को न सिर्फ किसी घटना की सूचना मुहैया कराएंगे, बल्कि किसी इलाके में विवाद होने पर तनाव को कम करने में भी मदद करेंगे। इससे पहले विशेष पुलिस अधिकारी यह काम किया करते थे।
आईजी मुथा अशोक जैन ने आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के एसएसपी और एसपी को पुलिस मित्र बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके पीछे उद्देश्य है अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और जनता से मधुर संबंध स्थापित करना।
पुलिस मित्र रिक्शा चालक, फल-सब्जी विक्रेता, दुकानदार, पान विक्रेता, इस्तरी वाला के अलावा क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्ति होंगे, जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी न हो। थाना स्तर पर उक्त लोगों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद सीओ उन्हें पहचान पत्र जारी करेंगे। सत्यापन का कार्य 15 दिन में पूर्ण कर लिया जाएगा। 15 अगस्त को पुलिस मित्र कार्ड का वितरण किया जाएगा।
अगर, कोई व्यक्ति कार्ड का दुरुपयोग करता पाया गया तो उसका कार्ड निरस्त कर जमा करा लिया जाएगा। थाना प्रभारी प्रत्येक दो महीने में मीटिंग भी लेंगे। उनसे सूचनाएं भी प्राप्त करते रहेंगे।