आगरा। बीएड सत्र 2017-19 की काउंसलिंग बुधवार को खत्म हो गई। आखिरी दिन सर्वाधिक 2041 अभ्यर्थियाें ने काउंसलिंग कराई। अभ्यर्थियों की कम संख्या को देखते हुए बीएड कालेजों की सीटें खाली रहने की संभावना है।
डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित आईबीएस में बुधवार को मंगलवार की अपेक्षा दो गुने अभ्यर्थी काउंसलिंग कराने के लिए पहुंचे। काउंसलिंग के समन्वयक डा. संजीव कुमार ने बताया कि केंद्र संख्या ए-वन पर 686, ए-टू पर 689 और ए-थ्री पर 666 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। काउंसलिंग भले खत्म हो गई, अभ्यर्थियों की मदद के लिए तीन केंद्रों पर तीन से चार दिन तक हेल्प डेस्क खुलेगी। इसमें अभ्यर्थियों को ओटीपी न मिलने, च्वाइस लॉक में दिक्कत आदि समस्याआें का समाधान किया जाएगा।
कई अभ्यर्थी फर्जी ड्राफ्ट के साथ पहुंचे
आगरा। आखिरी दिन कई अभ्यर्थी फर्जी ड्राफ्ट लेकर काउंसलिंग कराने पहुंचे। केंद्रों से उन्हें लौटा दिया गया। मामला पकड़ में आने पर अभ्यर्थियों ने बताया कि कालेजों ने उन्हें ड्राफ्ट दिया है। हालांकि किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। कुछ अभ्यर्थी अपने नाम से आय प्रमाणपत्र बनाकर पहुंचे। बताया कि माता-पिता का देहांत हो चुका है। शपथपत्र मांगने पर अभ्यर्थी लौटकर नहीं आए।