आगरा कमिश्नरेट पुलिस किरावली और छत्ता थाना के बाद पिढ़ाैरा थाने में पुलिस की पिटाई का मामला सामने आया है। पड़ोसियों के बीच पांच हजार रुपये के लेन-देन के मामले में पहुंचे दरोगा पर आरोप है कि किसान को कॉलर पकड़कर घसीटा। हाथ, पीठ और पैरों में पटे बरसाए। हालत बिगड़ने पर शिकायत नहीं करने की धमकी देकर घर भेजा। पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया और मामले में एसीपी पिनाहट को जांच दी है।
रामपुर चंद्रसैनी, पिढ़ौरा निवासी अनिल भदौरिया किसान हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह भाई अजीत का पड़ोसी से पांच हजार रुपये के लेन-देन के लिए विवाद हो गया था। विवाद को आसपास के लोगों ने शांत करा दिया। दोपहर 12:30 बजे पड़ोसी ने पुलिस से शिकायत की।
इस पर थाना पिढ़ौरा में तैनात दारोगा तालिब चौहान दो सिपाहियों के साथ पहुंच गए। आरोप लगाया कि दरोगा ने घर में आकर अनिल को धमकाया। गाली देने लगे। अनिल ने वीडियो बनाना शुरु कर दिया। यह देखकर दरोगा भड़क गए। उन्होंने मोबाइल छीन लिया। गाड़ी में बैठकर थाने ले गए। इस बीच अजीत भी थाने पहुंच गए। आरोप है कि अनिल का कालर पकड़कर दरोगा तालिब चौहान घसीटते हुए थाने में ले गए।
इसके बाद हाथ, पैर, पीठ और पैरों पर पटे मारे। अजीत को भी पीटा। गंभीर चोट लगने पर दोपहर तीन बजे दोनों को छोड़ा। शुक्रवार सुबह पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। इसमें पीआरवी कर्मियों पर भी रिश्वत के आरोप लगाए। मामले की जानकारी पर एसीपी पिनाहट गिरीश कुमार को जांच की दी गई है।
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि दरोगा तालिव चाैहान को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना तब हुई जब किरावली और छत्ता थाने की पुलिस पर पिटाई के आरोप लगने पर कार्रवाई की गई थी।