फिरोजाबाद के मक्खनपुर क्षेत्र में एनएच-19 पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी, जिसमें 2025 बैच के सिपाही ऋतिक की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका आगरा में इलाज चल रहा है।
फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 के बाईपास पर इंदुमई के पास शुक्रवार रात सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 2025 बैच के एक आरक्षी (सिपाही) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए आगरा के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब 10 बजे उस समय हुआ जब एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीनों पुलिसकर्मी कहीं जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक इंदुमई मोड़ के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। तीनों घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने आरक्षी ऋतिक को मृत घोषित कर दिया। ऋतिक की तैनाती शिकोहाबाद थाने में थी। वह मूलरूप से पसौंदा, टीला मोड़, गाजियाबाद का रहने वाला था। वहीं, अन्य दो घायल सिपाही मोहित निवासी नंदग्राम, गाजियाबाद है, उसकी वर्तमान तैनाती थाना सिरसागंज में है।
अविनाश उर्फ अवनीश, जो कि एसआई राजीव का बेटा है। इनका परिवार पुलिस लाइन में ही रहता है। तीनों पुलिसकर्मी वर्ष 2025 बैच के हैं। एसएसपी आदित्य ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस बल अस्पताल में मौजूद है और उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के संबंध में अन्य विस्तृत जांच मक्खनपुर थाने द्वारा की जा रही है।