पुलिस ने पांच लाख की शराब ले जाते दो भाई पकड़े
- फोटो : अमर उजाला
कोसीकलां में मुर्गी दाने की बिल्टी पर बिहार जा रहे शराब से भरे कैंटर को पुलिस ने पकड़ने में सफलता पाई। पुलिस ने गाड़ी के साथ दो तस्करों को भी पकड़ा है। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। शराब की कीमत पांच लाख रुपये है।
एसपी ग्रामीण आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि एसएसआई तनवीर आलम और कोटवन चौकी प्रभारी मदन सिंह ने दिल्ली की ओर से आते एक कैंटर को रोका था। तलाशी के दौरान चालक से कागज मांगे गए।
कागजात देखने पर पता चला कि बिल्टी में गुरुग्राम से बिहार के लिए मुर्गीदाना जा रहा था। कैंटर की तलाशी ली तो उसमें शराब भरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने चालक और साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो बताया कि वह शराब की इस खेप को बिहार ले जा रहे थे।