पंचायत चुनाव: फिरोजाबाद में मतदान के लिए आए लोग
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले के तीन ब्लॉकों की तीन पंचायतों में प्रधान पद के लिए रविवार को मतदान हुआ। सुबह सात बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा में हुई। जसराना देहात, वाजिदपुर-कुतुकपुर एवं नारखी ब्लॉक की ग्राम पंचायत रिजावली में प्रत्याशियों की मृत्यु के कारण रिक्त पदों पर रविवार को मतदान कराया गया। मतदान के दौरान ब्लॉक सदर की पंचायत वाजिदपुर-कुतुकपुर में सर्वाधिक 90.69 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रधान पद के लिए नारखी ब्लॉक की रिजावली, फिरोजाबाद सदर ब्लॉक की वाजिदपुर-कुतुकपुर और जसराना ब्लॉक की जसराना देहात में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सदर ब्लॉक की वाजिदपुर-कुतुकपुर पंचायत में सर्वाधिक 90.69 प्रतिशत, जसराना ब्लाक की पंचायत जसराना देहात में 64.30 प्रतिशत एवं नारखी ब्लॉक की पंचायत रिजावली में 78.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम करीब छह बजे तक चली मतदान प्रक्रिया के बाद पोलिंग पार्टियों द्वारा मतपेटिकाओं को संबंधित ब्लाक क्षेत्रों में जमा कराया गया है।
सुबह से ही लग गईं कतारें
तीनों ग्राम पंचायतों में रिक्त प्रधान पद के लिए मतदान करने वाले मतदाताओं की सुबह से लंबी-लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और मतदान से जुडे़ कार्मिकों ने मतदान के दौरान मास्क और सैनिटाइजेशन के बाद ही मतदेय स्थल पर मतदाताओं को प्रवेश दिया।
16 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिका में बंद
तीनों पंचायतों रिजावली, वाजिदपुर-कुतुकपुर एवं जसराना देहात में प्रधान पद के लिए कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान होने के साथ ही सभी प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिका में बंद हो गया।
जसराना देहात में मतदाताओं में दिखा उत्साह
जसराना देहात पंचायत में चार मतदान केंद्रों के सात बूथों पर 64.5 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान मतदान करने के लिए महिला एवं पुरुष मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। बता दें कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान नगला पीपल निवासी प्रधान पद की प्रत्याशी विनीता देवी की मौत के बाद चुनाव आयोग ने चुनाव प्रक्रिया निरस्त कर दी थी।
आयोग द्वारा दोबारा चुनाव प्रक्रिया को शुरू करने के साथ ही नौ मई को मतदान कराने का फैसला लिया गया। मतदान के दौरान एसडीएम कुमार चंद जवालिया, तहसीलदार ब्रह्मानंद कठेरिया, नायब तहसीलदार आशीष त्रिपाठी एवं थाना पुलिस सक्रिय रहे। इस दौरान एडीओ पंचायत रक्षपाल सिंह, चुनाव अधिकारी एवं पशुधन प्रसार अधिकारी रुप बसंत, सचिव सुनील कुमार आदि अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।