फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी पंचायत चुनाव: मथुरा के गांव नाहरा में फर्जी मतदान को लेकर चलीं गोलियां, 16 लोग घायल

Thu, 29 Apr 2021 07:11 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बरसाना (मथुरा)

सार

थाना बरसाना की ग्राम पंचायत राकौली के गांव नाहरा में दो पक्षों के बीच गोलियां चली हैं। घटना में 16 से अधिक लोग घायल हो गए। 
विज्ञापन
फायरिंग के बाद गांव नहारा में पुलिस फोर्स - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मथुरा के बरसाना थाना के गांव नाहरा में गुरुवार को फर्जी मतदान को लेकर प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों में पोलिंग बूथ पर जमकर लाठी-डंडे चले। कुछ देर बाद गोलियां चल गईं। एक घंटे से अधिक देर तक चलीं गोलियों से 16 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस तमाशबीन बनी रही। आधा घंटे तक मतदान रुका रहा। पुलिस ने 39 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

विज्ञापन


ग्राम पंचायत रांकौली में शामिल गांव नाहरा में सियाराम व मलखान पक्ष में फर्जी मतदान को लेकर पोलिंग बूथ पर लाठी-डंडा चल गए। पुलिस ने लाठी भांज कर दोनों पक्षों के लोगों को बूथ से भगा दिया। उसके बाद दोनों पक्ष गांव में पहुंच गए और वहां एक घंटे तक गोलियां चलती रहीं। पुलिस तमाशबीन बनी देखती रही। 

फायरिंग एवं पथराव में दोनों पक्षों के 16 से अधिक लोग घायल हो गए। इंस्पेक्टर आजाद पाल सिंह ने गांव में पहुंच आरोपियों को हिरासत में लिया। डीएम नवनीत चहल और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसडीएम राहुल यादव, सीओ रमाकांत पाराशर ने गांव में पहुंच घटनास्थल का जायजा लिया। 
विज्ञापन


एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया फर्जी मतदान को लेकर झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों के 39 लोगों को हिरासत में लिया है। गोली लगने से सियाराम पक्ष के तेजवीर, जगदेव, भूरी, सचिन, मंजू घायल हो गए। लाठी व फरसा चलने से भी सियाराम पक्ष के धनेश, प्रहलाद, शेर सिंह, अनिल, कान्हा, भूदेव व सियाराम  घायल हो गए। मलखान पक्ष के मलखान सिंह के साथ आधा दर्जन व्यक्ति घायल हुए हैं। पुलिस सभी आरोपियों पर कार्रवाई कर रही है।

विज्ञापन

कोसीकला में भी भिड़े प्रत्याशी समर्थक
कोसीकलां में पंचायत चुनाव के मतदान की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई। सुबह दस बजे ग्राम पंचायत बरहाना के मंजरा मीनानगर में प्रधान पद के प्रत्याशियों के समर्थकों में विवाद हो गया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। 

गांव फूलगढ़ी के प्राथमिक विद्यालय पर बने पोलिंग बूथ पर फर्जी मतदान के मामले को लेकर प्रधान पद के प्रत्याशी मोहरपाल एवं मनोज पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। पथराव के कारण मतदान रुक गया। करीब 20 मिनट बाद मतदान को दोबारा शुरू कराया। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने बताया कि यहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। 

गांव फालैन में प्रधान पद के प्रत्याशी रामकिशन एवं प्रहलाद पक्ष के समर्थकों के बीच फर्जी मतदान को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों के समर्थकों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही विवाद कर रहे लोग वहां से भाग निकले। 

फर्जी वोट डालने को लेकर हुआ विवाद
कस्बा मांट में जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में फर्जी वोट डालने को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। वहीं नशीटी में मतदान केंद्र के बाहर भीड़ लगा रहे आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों को मांट पुलिस ने हिरासत में लिया और मतदान खत्म होने के बाद छोड़ा। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें