सांसद राजकुमार चाहर के साथ जिला पंचायत सदस्य का नामांकन करने पहुंचीं भाजपा प्रत्याशी मंजू भदौरिया
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन रात नौ बजे तक पर्चा भरने वालों की कलक्ट्रेट से लेकर ब्लॉक कार्यालयों तक लाइन लगी रही। 6 बजे तक जो लोग नामांकन कक्ष में दाखिल हुए उनके पर्चे रात तक भरे जा सके। कलक्ट्रेट में 51 वार्डों से शनिवार को 325 जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं। प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के नामांकन का ब्योरा रात 12 बजे तक संकलित होता रहा।
जिला मुख्यालय कलक्ट्रेट पर जिला पंचायत सदस्यों के पर्चे भरे गए, जबकि 15 ब्लॉक कार्यालयों पर प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए नामांकन प्रक्रिया हुई। सुबह 8 बजे से प्रत्याशियों का पहुंचना शुरू हो गया। शाम 6 बजे तक पर्चा भरने का समय था, लेकिन प्रत्याशियों की अत्यधिक संख्या के कारण देर रात 9 बजे तक नामांकन कार्य चलता रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि सदस्य जिला पंचायत के 325 नामांकन हुए हैं। ब्लॉक से नामांकन का पूर्ण ब्योरा रात 12 बजे तक संकलित हो सका है। जिला पंचायत सदस्य के लिए 991 नामांकन पत्र बिक चुके हैं।
जिले की 690 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 3673 उम्मीदवारों ने 15 ब्लॉक कार्यालयों पर पर्चा भरा। यहीं 1257 सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए 2977 नामांकन हुए। सदस्य ग्राम पंचायत के 9180 पदों के लिए पहले दिन 604 प्रत्याशी ही नामांकन के लिए आए।
1- प्रधान ग्राम पंचायत- 3673
- 2486 आरक्षित, 1205 अनारक्षित, 1316 महिलाएं
2. सदस्य जिला पंचायत -325
167 आरक्षित, 158 अनारक्षित, 130 महिलाएं
3.सदस्य क्षेत्र पंचायत- 2977
1830 आरक्षित, 1147 आरक्षित, 1042 महिलाएं
4. सदस्य ग्राम पंचायत 604
355 आरक्षित, 249 अनारक्षित, 146 महिलाएं
पहले दिन पांच ब्लॉक में महिलाओं का नामांकन में शतक
- फतेहाबाद- 70 पद, 420 नामांकन, 166 महिलाएं
- शमसाबाद - 59 पद, 339 नामांकन, 150 महिलाएं
- जैतपुर कला - 45 पद, 265 नामांकन, 119 महिलाएं
- एत्मादपुर- 47 पद- 299 नामांकन, 103 महिलाएं
- बाह - 50 पद, 265 नामांकन, 103 महिलाएं