आगरा में प्रधान पद के लिए पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवार ने अनुसूचित जाति के फर्जी प्रमाणपत्र से पर्चा भर दिया। सोमवार को जब आपत्ति आई तो जांच में पोल खुली। सबूत से मिलान किया, तो प्रमाणपत्र फर्जी मिला। नामांकन निरस्त का फैसला आज होगा। प्रधान समेत चार पदों के लिए पहले दिन 112 से अधिक आपत्तियां आई हैं।
जिले में प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत, सदस्य जिला पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए कुल 20770 उम्मीदवारों ने नामांकन किए हैं। सोमवार से इनके नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे रीभा ने बताया कि एत्मादपुर में एक फर्जी प्रमाणपत्र से नामांकन दाखिल होने का मामला सामने आया है। तहसील से रिपोर्ट मांगी है।
प्रत्याशी को साक्ष्य प्रस्तुति के लिए नोटिस दिया है। मंगलवार को इसका फैसला होगा। इसके अलावा 20 से अधिक प्रत्याशियों के विरुद्ध गांव में नहीं रहने और मतदाता बनकर चुनाव लड़ने पर आपत्तियां आई हैं। कुल 112 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। मंगलवार को अपराह्न तीन बजे तक आपत्तियां ली जाएंगी। शाम छह बजे नामांकन पत्रों का जांच परिणाम जारी होगा।