फिरोजाबाद के शिकोहाबाद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और सभासद पद के प्रत्याशियों के मतों की गिनती 13 मई को सुबह प्रारंभ हो जाएगी। मतगणना के दौरान स्टेशन रोड के वाहनों को डायवर्जन किया गया है। इसके साथ ही मीटिंग में प्रत्याशियों की शिकायत और सुझाव पर प्रशासन ने संज्ञान लेकर उन पर अमल करना शुरू कर दिया है।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि मतगणना स्थल से 500 मीटर की दूरी पर लोगों को रोका जाएगा। कहीं भी 5 लोगों को एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। अगर लोगों की भीड़ मिली तो उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस लाइन से मंगाए गए बज्र वाहन में मतगणना होने तक बैठाया जाएगा। शनिवार शाम एसपी ग्रामीण कुमार रण विजय सिंह की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, सभासद, ग्राम पंचायत मक्खनपुर से अध्यक्ष पद और सभासद पद के प्रत्याशियों के साथ बैठक की गई। इसमें सभी प्रत्याशियों से मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए सुझाव और शिकायतें पूछीं गईं।
ये भी पढ़ें - UP: जान देने की जिद पर अड़ी थी मां, बेटी बोली- 'तुम्हारे बिना नहीं रह पाऊंगी'; तो उसे भी दे दिया जहर
यहां रोके जाएंगे वाहन
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि स्टेशन रोड को जाने वाले वाहनों को तहसील तिराहे से रोका जाएगा। यहां से कोई भी बड़ा या छोटा वाहन स्टेशन रोड पर पाली इंटर कॉलेज की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं बटेश्वर से आने वाले वाहनों को डाहिनी पुलिया पर रोका जाएगा। इसके बाद रामेश्वरम रिसोर्ट के सामने बैरियर लगा कर वाहन और लोगों को रोका जाएगा। इससे आगे किसी को जाने की इजाजत नहीं होगी। उन्होंने कहा अगर किसी ने भी नियमों और गाइडलाइन का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सीओ देवेंद्र प्रताप, एसएचओ हरवेंद्र मिश्रा के अलावा भाजपा प्रत्याशी प्रतिनिधि राजीव गुप्ता, सपा प्रत्याशी प्रतिनिधि अब्दुल वाहिद, इंद्रजीत यादव, लतीफ अहमद, सद्दाम हुसैन के अलावा सभासद प्रत्याशी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।