आगरा में नगर निकाय चुनाव में पहली बार प्रत्याशियों को उतारने वाली आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने आगरा में मेयर और पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। चंद्रशेखर आजाद ने नगला मोहन से नगला धनी तक 10 किमी लंबा रोड शो किया। आजाद इस रोड शो में कभी पैदल चले तो कभी हाथ में स्पीकर और माइक पकड़कर लोगों से रूबरू होते रहे, तो कभी जीप पर सवार हुए।
बृहस्पतिवार को चंद्रशेखर आजाद का रोड शो दोपहर में नगला मोहन से शुरू होना था, पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के कारण आजाद के रोड शो का समय बदल दिया गया। कुबेरपुर में चंद्रशेखर आजाद को एक होटल में प्रशासन ने रोक दिया और सीएम के जाने के बाद ही वह शाम 5.30 बजे आगरा आए।
रोड शो में उन्होंने अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। शहर की प्रमुख बस्तियों से होकर निकले रोड शो में युवाओं की भीड़ रही। आजाद की झलक पाने और सेल्फी के लिए युवाओं में क्रेज नजर आया। लोगों से रूबरू आजाद ने कहा कि यह चुनाव मिसाल बन जाएगा, अगर भाजपा को हरा देंगे। साल 2024 के चुनाव से पहले इन चुनावों में हार से भाजपा का हौसला पस्त हो जाएगा। इस बार चूक नहीं होनी चाहिए। नगर निगम में 30 साल से कब्जा जमाए भाजपा ने शहर की तस्वीर तक नहीं बदली। बहुजन समाज से उन्होंने घर से निकलकर वोट जरूर देने की अपील की।
ये भी पढ़ें - डॉक्टर या हैवान: प्रसव के दौरान ब्लेड से काट दिया नवजात का पेट, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप; हंगामा
ये रहे मौजूद
रोड शो में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, मेयर प्रत्याशी सविता सिंह, मुकेश जाटव, जिला अध्यक्ष अनिल कर्दम, आसिफ अब्बास, मनोज कुमार, सतीश संगम, विक्की आजाद आदि मौजूद रहे।
रात तक चला रोड शो
आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ ने बताया कि आगरा में मुख्यमंत्री की सभा के कारण उनके कार्यक्रम के समय में प्रशासन ने तब्दीली कराई थी। दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाला रोड शो शाम 5.30 बजे से नगला मोहन से शुरू हो पाया। भोगीपुरा, तमोलीपाड़ा, शंकरगढ़ पुलिया, राजनगर, रामनगर, सिर की मंडी, लोहामंडी, खतैना, जगदीशपुरा, खंदारी, नगला बूढ़ी, रतनपुरा, नगला धनी, टेढ़ी बगिया आदि जगहों से निकले रोड शो में लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया।