कार्यक्रम में बोलते ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस को भी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का समर्थन करना चाहिए। हमारी समझ में नहीं आता कि इस मुद्दे पर यह पार्टियां चुप क्यों हैं। भाजपा के तो घोषणा पत्र में राम मंदिर है लिहाजा निर्माण होकर रहेगा।
शनिवार को मथुरा के जुबली पार्क में अंडरग्राउंड पार्किंग स्थल के निर्माण का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण भाजपा की प्राथमिकता में है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संवैधानिक तरीके से निर्माण का रास्ता ढूंढा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस को भी राम मंदिर का समर्थन करना चाहिए। इन्हें भी कहना चाहिए कि राम मंदिर का निर्माण हो। लेकिन यह पार्टियां इस मुद्दे पर लोगों को भड़काने का काम करती हैं। राममंदिर के मुद्दे को लेकर भाजपा संत समाज के साथ है।
एक सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि जल्द से जल्द ही कोई रास्ता निकाल लिया जाए। ताकि इस मुद्दे पर दूसरे दलों को सियासत करने का मौका न मिले। जब मंदिर का निर्माण हो जाएगा तो सियासत खुद ही खत्म हो जाएगी।