एटा में पत्नी का मायके जाना पति को इतना नागवार गुजरा कि उसने फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह उसका शव कमरे में लटका मिला। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना बागवाला क्षेत्र के गांव मेनाठेर निवासी नंदकिशोर (25) पुत्र जगदीश की किसी बात को लेकर पत्नी के साथ कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज पत्नी अपने मायके चली गई। पत्नी के मायके चले जाने के बाद पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिवार के लोगों को घटना की जानकारी सुबह हुई। कमरे में शव को फंदे पर लटकता देख परिजनों में चीखपुकार मच गई। घटना की जानकारी परिजनों ने बागवाला पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी बागवाला अखिलेश तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।