शासन ने गैरहाजिर शिक्षकों का वेतन जारी करने और विद्यालयों के निर्माण में अनियमितता के मामले में बीएसए (बेसिक शिक्षा अधिकारी) आनंद प्रकाश शर्मा और यहां बीएसए तैनात रहीं अर्चना गुप्ता (वर्तमान में डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता) को निलंबित कर दिया है। इनके खिलाफ मामले की जांच के लिए अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
जिले में तीन साल पहले 19 विद्यालयों का निर्माण करवाया था। इसमें एक-एक शिक्षक भी तैनात किए गए थे। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा विभाग के यहां जगनेर निवासी श्रीनिवास की ओर से शिकायत की गई कि स्कूलों के निर्माण में घोटाला हुआ है।
यहां तैनात शिक्षक पढ़ाने नहीं आते हैं। उनको घर बैठे ही वेतन जारी किया जा रहा है। मामले में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा ने संयुक्त विकास आयुक्त अशोक बाबू मिश्रा को जांच सौंपी। उन्होंने स्कूलों का निरीक्षण किया तो वह जर्जर हाल में मिले।