आगरा जिले में कांग्रेस एक बार फिर शून्य से आगे नहीं बढ़ सकी। यहां तक कि पार्टी 2017 के प्रदर्शन को दोहराने में भी नाकाम रही। नौ विधानसभा सीटों के चुनाव नतीजों में राहत की बात खेरागढ़ विधानसभा में रामनाथ सिंह सिकरवार का मुख्य संघर्ष में आना रहा। इसके अलावा आठ विधानसभा सीटों में उनके प्रत्याशी जमानत तक नहीं बचा सके।
प्रदेश में चुनाव की कमान राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने संभालने के बाद संगठन भी सक्रिय हो गया। प्रियंका गांधी ने कई बार आगरा का दौरा किया। खेरागढ़ में रोड शो भी किया, लेकिन पार्टी के प्रत्याशियों को जनता ने नकार दिया।
इन सीटों पर एक फीसदी वोट भी नहीं मिले
फतेहपुर सीकरी, फतेहाबाद, एत्मादपुर और बाह विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी एक फीसदी वोट हासिल नहीं कर सके। सीकरी में हेमंत चाहर को 0.49 फीसदी वोट, फतेहाबाद में होतम सिंह को 0.32 फीसदी, एत्मादपुर में शिवानी को 0.45 फीसदी और बाह में पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित भी आधा फीसदी वोट हासिल कर सकीं।