नवीन मंडी का निरीक्षण करते डीएम और एसपी
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले की चारों विधानसभा सीटों के लिए रविवार को मतदान है। मतदाताओं सहित प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं, अब बारी है तो सिर्फ मतदान करने की। अपनी सरकार चुनने और क्षेत्र के विकास के लिए सभी मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर अपना दम दिखाना होगा। शनिवार को नवीन मंडी परिसर से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम, वीवी पैट व अन्य मतदान सामग्री लेकर रवाना होंगी।
जिले की चार विधानसभा सीट मैनपुरी सदर, करहल, किशनी और भोगांव के लिए 20 फरवरी को मतदान होगा। मतदान के लिए कुल 1269 मतदान केंद्र और 1756 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। शनिवार को नवीन मंडी परिसर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। यहां से 7726 मतदान कार्मिकों की रवानगी होगी। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। अगर कहीं कोई गड़बड़ी करता है तो उसकी शिकायत करें। मतदान अधिक से अधिक हो यह जिम्मेदारी हम सभी की है।
पहचान पत्र नहीं है तो ये हैं विकल्प
आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक और डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पेनकार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र, राज्य सरकार, लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड फर्म द्वारा कर्मचारियों को जारी किए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र।