यूपी चुनाव 2022: मथुरा विधानसभा सीट
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों से 80 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इसमें सबसे अधिक प्रत्याशी मथुरा विधानसभा क्षेत्र में हैं। यहां 27 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। सोमवार से नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो गई है। 27 जनवरी को नाम वापसी के बाद विधानसभा वार प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
जिले में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। इसमें मथुरा, छाता, गोवर्धन और मांट के साथ अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित बलदेव विधानसभा क्षेत्र शामिल है। इन सभी के लिए 14 से 21 जनवरी तक चली नामांकन प्रक्रिया में 80 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किए थे। इसमें मथुरा से 27 उम्मीदवार, गोवर्धन से 13 उम्मीदवार, छाता और मांट से 15-15 उम्मीदवार ने नामांकन किया है।
बलदेव से सबसे कम नामांकन
जनपद के सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र बलदेव में नामांकन करने वालों की संख्या सबसे कम 10 रही। निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सोमवार से नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो गई। इस जांच के बाद प्रत्याशियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। हालांकि पूरी तरह चुनावी तस्वीर नाम वापसी के बाद ही साफ होनी है। निर्वाचन आयोग ने नाम वापसी की तिथि 27 जनवरी तय की है। इसी दिन चुनाव चिन्ह का आवंटन भी कर दिया जाएगा।
नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद ही मथुरा विधानसभा में मतदान के लिए एक या फिर दो मशीन की स्थिति स्पष्ट होगी। एक ईवीएम में अधिकतम 15 उम्मीदवार के नाम ही दर्ज हो सकते हैं। एक निशान नोटा का होता है।