उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा विदेश में हुई एक घटना का जिक्र करते-करते भावुक हो गए। डिप्टी सीएम ने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान उनसे वहां के एक नागरिक ने पूछा कि आपके यहां गाय को क्या कहा जाता है।
उन्होंने उत्तर दिया कि माता, इस पर उस विदेशी नागरिक ने कहा कि तो क्या आपके यहां मां को काटा जाता है। दिनेश शर्मा ने कहा कि उस वक्त उनके पास कोई उत्तर नहीं था। यह बोलते-बोलते उनकी आंखें नम हो गईं।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा शनिवार को वृंदावन में हासानंद गोशाला में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। यहां उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गाय को आवारा पशु कहने लगे हैं। बोले, जब तक गाय दूध देती है घर में रहती है।
दूध देना बंद कर देती है तो लोग सड़कों पर छोड़ देते हैं। यह बहुत बड़ा गुनाह है। प्रदेश सरकार गायों के संरक्षण को प्लानिंग कर रही है। गऊशाला खोली जा रही हैं।
डा. दिनेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि हम जिस विदेशी संस्कृति की तरफ आकर्षित होते हैं वही विदेशी शांति की तलाश में हमारे देश में आते हैं। यहां गायों की सेवा करते हैं। उन्हें इसमें आनंद मिलता है। जबकि हम लोग गायों को सड़कों पर छोड़ देते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वह एक बार विदेश में गए थे। वहां कुछ लोगों ने उनसे पूछ लिया कि आपके देश में गाय को क्या कहा जाता है। मैने कहा कि गाय को माता पुकारते हैं।
गाय हमारे देश में पूजनीय है। घर में कोई नया काम होने पर गाय को पूजा जाता है। इस पर विदेशी का कहना था कि फिर भी गाय को काटा जाता है। आप लोग अपने सामने मां की हत्या करवा देते हो।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे पास कोई जवाब नहीं बन रहा था। उन्होंने यहां कहा कि गाय को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
भारतीय संस्कृति की ये है पहचान
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि मथुरा, अयोध्या और काशी भारतीय संस्कृति की पहचान है। भारत में ही नहीं विदेशों तक में हमारी यह संस्कृति पहचानी जाती है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। विकास को बढ़ावा मिल रहा है। वृंदावन में गऊशाला में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है।
गांव और शहरों में विकास हो रहा है। केंद्र सरकार के बजट को सराहते हुए कहा कि पहली दफा आम आदमी को इतना बड़ा लाभ दिया गया है। खेत और किसान की सोची गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने धन को निकालकर चुनाव जीता था। पहले काला धन बाहर निकाला और उसके बाद चुनाव जीता। यह जनता की जीत है। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर भी पहुंचे। जहां उन्होंने ठाकुरजी की पूजा-अर्चना की।