आगरा में यूपी कॉप एप की शुरुआत दो साल पहले हुई थी। इस एप की मदद से घर बैठे चरित्र सत्यापन से लेकर कर्मचारी और किरायेदारों का सत्यापन कराया जा सकता है। इसके साथ एफआईआर, शिकायत दर्ज कराई जा सकती है तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी ली जा सकती है।
लोगों ने मोबाइल एप की जानकारी के बाद इस सुविधा का लाभ उठाना शुरू कर दिया। सबसे ज्यादा एप का प्रयोग चरित्र सत्यापन में किया जा रहा है। इस वजह से यूजर्स की संख्या में बढ़ोतरी हो गई। यही वजह है कि रोजाना 60 से 70 लोग चरित्र सत्यापन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। इसका असर यह हुआ कि एप का सर्वर ही ठप हो गया।
तीन महीने से ऑनलाइन काम में देर लग रही है। इसलिए प्रार्थनापत्र लंबित हो गए हैं। पुलिस विभाग के कर्मचारियों को एप पर दस्तावेज अपलोड करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कई बार ऑफलाइन प्रक्रिया पूरी करनी पड़ रही है। एक सप्ताह की जगह सत्यापन में 15 दिन का समय लग रहा है।