आगरा: परिवार से मुलाकात के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा
- फोटो : अमर उजाला
आगर में सफाई कर्मचारी अरुण नरवार की मौत के बाद प्रदेश में सियासत का पारा चढ़ गया था। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार देर रात 11:00 बजे मृत सफाई कर्मचारी अरुण नरवार के लोहामंडी स्थित घर जाकर उनकी पत्नी और मां से बंद कमरे में मुलाकात की। प्रियंका ने परिजनों के आंसू पोंछें और उन्हें सांत्वना दी। साथ ही तीस लाख रुपये की आर्थिक सहायता और कानूनी मदद दिलाने का भरोसा दिया।
मीडियो से की बात
परिजनों से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने कार पर खड़े होकर मीडिया से कहा कि उन्हें परिजनों ने बताया है कि पुलिस हिरासत में अरुण पर थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने घर की तलाशी के नाम पर भाई की बेटी की शादी के लिए रखी रकम भी ले ली। प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार दोपहर में लखनऊ से आगरा आने को थीं। लेकिन एक्सप्रेसवे पर उन्हें रोक लिया गया था। शाम को अरुण के अंतिम संस्कार के बाद चार लोगों के साथ आने की इजाजत दी गई। एक्सप्रेसवे से आगरा में वे 11:00 बजे लोहामंडी स्थित घर पर परिजनों से मिलीं। बंद कमरे में उन्होंने मुलाकात की और पीड़ित परिवार को सांत्वना के साथ भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ है।
अरुण को थर्ड डिग्री देने का आरोप
प्रियंका ने कहा कि मुझे यकीन नहीं आ रहा कि आजाद भारत में ऐसा हो सकता है। परिजनों ने बताया कि शादी के लिए रखी रकम पुलिस उठाकर ले गई। प्रियंका ने कहा कि बंद कमरे में परिवार ने ऐसी बातें बताईं जिन्हें वे ज्यादा बता नहीं सकतीं। लेकिन पूरे परिवार को थाने में अवैध हिरासत में रखा गया, मारपीट की गई। पत्नी ने बताया कि उसे बेरहमी से बांधकर पीटा गया। उसके कान में चोट है। अरुण को भी उसके सामने पीटा गया और उनकी भाभी जया ने बताया कि उनके कपड़े उतरवाने की धमकी दी। भाई ने बताया कि रात 2:00 बजे मिले थे तो अरुण ठीक थे पर आधे घंटे बाद ही बताया कि उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए गए। तलाशी के नाम पर पूरा घर अस्त-व्यस्त कर दिया, पलंग तोड़ दिया गया। ऐसा तो कोई सोच नहीं सकता।
न्याय केवल मंत्रियों के लिए, जनता के साथ अत्याचार
प्रियंका ने कहा कि यह किस तरह का देश बनाया जा रहा है। न्याय केवल मंत्रियों के लिए है, गरीब जनता के साथ केवल अत्याचार हो रहा है। प्रियंका के दौरे के समय प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह जिलाध्यक्ष मीनू और शब्बीर अब्बास के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।।