आगरा के थाना हरीपर्वत में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संवाद कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षा और स्वावलंबन का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 1538 थानों में महिला हेल्प डेस्क बनाई गई हैं, इनमें पारदर्शिता होगी। डेस्क कांच वाले केबिन में बनाई जाएंगी। यहां पर स्टेशनरी की व्यवस्था होगी। पीने के लिए पानी मिलेगा। पीड़ितों की सुनवाई के लिए प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मी रहेंगी। उन्हें हर संभव मदद मिलेगी। महिला शक्ति अभियान को नवरात्र में संपन्न होने के बाद मिशन ऑपरेशन के रूप में चलाया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए थाना हरी पर्वत में मुख्यमंत्री का संवाद कार्यक्रम शुरू हुआ था। सबसे पहले गौतम बुद्ध नगर, बाद में वाराणसी, मेरठ के बाद आगरा के एसएसपी बबलू कुमार ने मिशन शक्ति अभियान के तहत किए गए कार्यक्रमों की जानकारी दी। हालांकि तकनीकी व्यवधान की वजह से 30 सेकंड ही जानकारी दे सके। 10 मिनट बाद फिर से संवाद शुरू हो सका।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन दिया। इसमें महिला शक्ति अभियान के तहत किए गए कार्यक्रमों की जानकारी दी। यह भी कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति अभियान को अभी और आगे बढ़ाया जाएगा। नवरात्र के बाद उसका स्वरूप भी बदलेगा।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद एसपी सिंह बघेल, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एडीजी अजय आनंद, आईजी ए सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार, एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद, एएसपी सौरभ दिक्षित सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। रोल मॉडल समाजसेवी महिलाएं आदि उपस्थित रहे। सभी को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
डरे नहीं, आगे बढ़ती रहें, पुलिस आपके साथ है
रोल मॉडल सोनिया शर्मा, वर्तिका और अनन्या मित्तल मौजूद रहे रोल मॉडल ने कहा कि अब लड़कियों को डरने की जरूरत नहीं है। महिला सुरक्षा पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है। वह शिक्षा के क्षेत्र और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ती रहें। अपनी बात को सबके सामने लाएं। किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
थाने पर जुटी पीड़ित महिलाएं
अधिकारियों के आने की जानकारी पर ताजगंज, जगदीशपुरा, हरी पर्वत क्षेत्र से कई महिलाएं आ गई। अधिकारियों से अपनी शिकायत की। कुछ महिलाओं ने मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भी कार्रवाई ना होने के बारे में बताया। इस पर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया गया।