ताजनगरी में 19 नवंबर को चुनावी शोर अपने चरम पर होगा। एक ओर यहां यूपी के सीएम और भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ सभा करेंगे तो दूसरी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और अभिनेता राजबब्बर का रोड शो होगा। मुख्यमंत्री की सभा के लिए प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी हैं। वहीं राजबब्बर को रोड शो को लेकर कांग्रेसी भी जोश में हैं।
आगरा के जीआईसी मैदान में 19 नवंबर को होने जा रही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा के लिए मंच बनाने का कार्य शुरू हो गया है। भाजपा महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने बताया कि कोठी मीना बाजार में हैलीपैड बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री दोपहर करीब एक बजे आएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। गुरुवार दोपहर को भाजपा के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने कोठी मीना बाजार और जीआईसी मैदान का दौरा किया।
ये रहेगा राजब्बबर के रोड शो का रूट
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर
कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी विनोद बंसल के समर्थन में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राजबब्बर के रोड शो का रूट भी तय हो गया है। राजबब्बर 19 नवंबर की सुबह 11 बजे शहीद स्मारक पर शहीदों की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो शुरू करेंगे।
रोड शो संजय प्लेस से एमडी जैन कालेज, घटिया आजम खां, बसंत टाकीज, धूलियागंज, पथवारी, बेलनगंज, कचहरी घाट, अचल भवन, रावतपाड़ा से होकर सेब का बाजार, फुव्वारा, रावली मंदिर, छीपीटोला होकर बिजलीघर स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचेगा।
यहां सभा होगी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजन होगा। पीसीसी सदस्य नंदलाल भारती ने बताया कि जुलूस में एक रथ पर राजबब्बर और मेयर प्रत्याशी होंगे और दूसरे रथ पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सवार रहेंगे। अन्य स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम भी 20 तक लगने की उम्मीद है।
केवल 5 गाड़ियों की अनुमति देने पर रोष
कांग्रेस
- फोटो : file photo
रोड शो के लिए जिला प्रशासन ने कांग्रेस प्रत्याशी को महज पांच गाड़ियों की अनुमति दी है। पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन, नंदलाल भारती ने जिला प्रशासन के रवैये की निंदा की है।
उनका आरोप है कि अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों के साथ कई गाड़ियां प्रतिदिन चल रही हैं। प्रशासन को सत्ताधारी पार्टी का एजेंट बनकर काम नहीं करना चाहिए वरना पार्टी के लोग आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।