भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को आगरा आ रहे हैं। वह विधानसभा चुनाव में ब्रज की 20 विधानसभाओं के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करके नब्ज टटोलेंगे और जीत का मंत्र भी देंगे। दोपहर बाद नड्डा बरेली रवाना होंगे।
भाजपा के ब्रज क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवल तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा पहुंचने के बाद सबसे पहले राजेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वह फतेहाबाद रोड स्थित रमाडा प्लाजा में आगरा, फतेहपुरसीकरी, मथुरा, फिरोजाबाद क्षेत्र की 20 विधानसभाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
दूसरी बैठक अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी क्षेत्र की 20 विधानसभाओं के पदाधिकारियों के साथ इसी स्थान पर होगी। भाजपा नेताओं के मुताबिक, नड्डा, बैठकों में संगठन की अब तक की तैयारियों के साथ ही प्रत्याशियों की चुनावी स्थिति के बारे में मंथन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम आने के बाद बृहस्पतिवार की शाम से ही पार्टी के पदाधिकारियों ने बैठक की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दोपहर 2:30 बजे नड्डा चुनावी बैठक और डोर-टू-डोर चुनावी कैंपेन की शुरुआत करने के लिए बरेली रवाना होंगे।