आगरा। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आगरा मंडल में 20 से 27 अप्रैल तक कराई जानी हैं। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में 146 केंद्रों पर होंगी। केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। जो विद्यालय परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं, उनकी परीक्षाएं कहां होगी, इसकी सूची नहीं जारी की गई है। केंद्र न पता होने से विद्यालय इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को सूचना नहीं दे पा रहे हैं। पहले दिन प्रायोगिक परीक्षा शुरू हो पाना मुश्किल है। परीक्षा केंद्रों को परीक्षा सामग्री नहीं उपलब्ध कराई गई है, बुधवार को सामग्री का वितरण होना है।
प्रायोगिक परीक्षा भी लिखित परीक्षा के तर्ज पर कराई जानी हैं। कंट्रोल रूम से प्रायोगिक परीक्षाओं की निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम में नोडल अधिकारी तैनाती रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर भी एक पर्यवेक्षक लगाया जाएगा। परीक्षा केंद्र राज्यस्तरीय कंट्रोल रूम से भी सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से जुडे़ंगे। लिखित परीक्षा 180 केंद्रों पर हुई थी। प्रायोगिक परीक्षा में 34 केंद्र और कम कर दिए गए हैं। मूल्यांकन केंद्र बनाए गए विद्यालयों को प्रायोगिक परीक्षा का केंद्र नहीं बनाया गया है। जिले में पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
प्रायोगिक परीक्षा के दौरान नियमानुसार वाह्य परीक्षक के साथ आंतरिक परीक्षक होना चाहिए। जो विद्यालय परीक्षा केंद्र नहीं हैं, उनके शिक्षक आंतरिक परीक्षक के रूप में प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होंगे या नहीं, अभी यह भी स्पष्ट नहीं है। जीआईसी, शाहगंज और आरबीएस इंटर कॉलेज में वाणिज्य व्यावसायिक शिक्षा संचालित है, बाकी किसी विद्यालय में यह पाठ्यक्रम नहीं है। दोनों ही विद्यालय मूल्यांकन केंद्र हैं, इनको प्रायोगिक परीक्षा का केंद्र नहीं बनाया गया है, इनकी परीक्षा कहां होगी, यह भी स्पष्ट नहीं है। इसी तरह आरबीएस में कृषि वर्ग की पढ़ाई कराई जाती है, शहर के किसी अन्य विद्यालय में कृषि का पाठ्यक्रम नहीं है। आरबीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. यतेंद्र पाल सिंह का कहना है कि विभाग स्तर से परीक्षा केंद्र के संबंध में जानकारी दिए जाने के बाद इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को प्रायोगिक परीक्षा के संबद्ध में जानकारी दे पाना संभव हो पाएगा।
प्रायोगिक परीक्षा के संबद्ध में सामग्री और निर्देश बोर्ड स्तर से जारी किए जाने हैं। निर्देश प्राप्त होने के बाद स्पष्ट होगा कि जो विद्यालय केंद्र नहीं हैं, उनकी परीक्षा कहां होगी, उनके शिक्षक आंतरिक परीक्षक के रूप में होंगे या नहीं। परीक्षा केंद्रों को निर्देश दे दिया गया है कि वह प्रायोगिक परीक्षा की सामग्री बुधवार सुबह डीआईओएस कार्यालय से प्राप्त कर लें। लिखित परीक्षा के दौरान जीआईसी में स्थापित कंट्रोल रूम प्रायोगिक परीक्षा में भी यथावत चलेगा। - मनोज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक