जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में रखें यूपी बोर्ड के अंकपत्र।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मार्कशीट का वितरण मंगलवार को भी राजकीय इंटर कॉलेज में जारी रहा। कई स्कूलों को फेल विद्यार्थियों की मार्कशीट नहीं मिली है। यह शिकायत लेकर स्कूल संचालक भी आए। उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं निकला। अभी तक करीब 408 स्कूलों मार्कशीट पहुंच चुकी हैं।
जिले के करीब 905 स्कूलों में मार्कशीट का वितरण होना है। पहले दिन करीब 150 स्कूलों के संचालक मार्कशीट व प्रमाण पत्र ले गए थे, तो दूसरे दिन यह संख्या 408 पहुंच गई है। स्कूलों से विद्यार्थियों को मार्कशीट का वितरण होना भी शुरू हो गया है। फेल वाले छात्रों की मार्कशीट कई स्कूलों को नहीं मिली हैं, जिससे परेशानी खड़ी हुई है।
स्कूल संचालक देवेंद्र कुमार ने फेल वाली मार्कशीट बंडल में न मिलने की शिकायत की, तो अन्य स्कूलों में यह समस्या नजर आयी। अभी विभाग को मार्कशीट में गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं मिली है। वैसे भी बोर्ड के स्तर से परीक्षाफल से पहले हर विद्यालय को विद्यार्थी के नाम या अन्य रिकॉर्ड को ठीक कराने का मौका दिया था। इसके बाद भी कोई गलती सामने आती है, तो जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रमाणित कराने के बाद बोर्ड को प्रकरण भेजा जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि मार्कशीट वितरण का कार्य तेजी से चल रहा है। कोई परेशानी सामने नहीं आयी है।