सुहाग नगरी में लगातार पकडे़ जा रहे फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने का सिलसिला थमा नहीं है। 22 फरवरी को 17 फर्जी परीक्षार्थियों के पकडे़ जाने के बाद मंगलवार को भी हाईस्कूल गणित की परीक्षा में छह फर्जी परीक्षार्थी और पकडे़ गए हैं।
इनमें से तीन साल्वर (मुन्नाभाई) डीएसएसएम इंटर कॉलेज जाजूमई में दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा देने आए थे। गर्ग इंटर कॉलेज इटौरा में एक फर्जी परीक्षार्थी छोटे भाई की परीक्षा देने आया था। दो फर्जी परीक्षार्थी महाराज सिंह बघेल इंटर कॉलेज में पकडे़। ये दोनों आधारकार्ड में जन्मतिथि में फेरबदल करके परीक्षा दे रहे थे।
डीएसएसएम इंटर कॉलेज जाजूमई में छात्र गौरव यादव की जगह ब्रजमोहन निवाला हंसराम परीक्षा देते पकड़ा। यह छात्र गौरव मेमोरियल इंटर कॉलेज ककरारा में पंजीकृत है। दूसरा फर्जी परीक्षार्थी भूरी सिंह निवासी बनवारा छात्र राहुल की जगह परीक्षा देने आया था।
देश-दुनिया और अपने क्षेत्र की हर खबर सबसे पहले पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फॉलो भी कर सकते हैं।
रिषभ वार्ष्णेय की जगह राहुल कुमार निवासी बनवारा परीक्षा देते हुए पकड़ा। दोनों (रिषभ और राहुल) अमर सिंह मार्ग श्री इंटर कॉलेज बनवारा के छात्र हैं। तीनों को केंद्र व्यवस्थापक डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्रा और डीआईओएस रितु गोयल ने पकड़ा।
परीक्षा केंद्र पर हरेक छात्र की जांच कराई। प्रवेश पत्र और आधारकार्ड चेक करने पर ये पकड़े गए। इनके खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक ने थाना जसराना में 420 और नकल विरोधी परीक्षा अधिनियम 1992 के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
महाराज सिंह बघेल इंटर कॉलेज पोपगढ़ खैरगढ़ में दो फर्जी छात्र एसडीएम एकता सिंह ने पकड़े। आशीष कुमार और लोकेंद्र कुमार आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर परीक्षा दे रहे थे। दोनों के आधार कार्डों की जांच कराई गई, जिसमें फर्जीवाड़ा मिला। इनके खिलाफ भी थाने
में तहरीर दी है।
गर्ग इंटर कॉलेज इटौरा में हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा में परीक्षार्थी नीशू की जगह उसका बड़ा भाई अवनीश पेपर देने आया था। केंद्र व्यवस्थापक रमेश चंद्र दुबे को शक हुआ तो उसे पकड़ लिया। इसके बादह हंगामा होने लगा और लोगों ने कॉलेज घेर लिया।
सूचना पर थाना पुलिस परीक्षा केंद्र पर पहुंची और स्कूल का घेराव कर रहे ग्रामीणों को खदेड़ दिया। केंद्र व्यवस्थापक ने थाना मटसैना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई मटसेना प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि फर्जी परीक्षार्थी अवनीश को जेल भेज दिया है।
पांच परीक्षार्थी परीक्षा देने से रोके
गर्ग इंटर कॉलेज में 14 मुन्नाभाई पकड़े जा चुके हैं। केंद्र व्यवस्थापक ने छात्रों के प्रवेश पत्रों की जांच कराई। इसमें पांच परीक्षार्थी आधार कार्ड नहीं लेकर आ रहे थे। उनसे पिछले वर्षों की अंकतालिका दिखाने को कहा तो वह नहीं दिखा सके।
केंद्र व्यवस्थापक ने संदिग्ध परीक्षार्थियों को परीक्षा देने से रोक दिया। ऐसे में परीक्षार्थियों ने डीएम से शिकायत कर दी। शिकायत पर एसडीएम पहुंचे और उन्होंने भी छात्रों के आधार कार्ड की जांच की। मगर आधार कार्ड स्कैन नहीं हुए। केंद्र व्यवस्थापक रमेशचंद्र दुबे ने बताया कि छात्रों से कहा है कि अगली परीक्षा में अंकतालिका और अन्य प्रपत्र सबूत के तौर पर लाएं। अन्यथा परीक्षा नहीं देनी दी जाएगी।
चार परीक्षार्थियों की उम्र पर संदेह
डीएसएसएम इंटर कॉलेज जाजूमई में चार छात्र ऐसे मिले, जिनकी उम्र आधार कार्ड में कम थी। जबकि चारों अधिक उम्र के दिख रहे थे। संदेह होने पर चारों की मेडिकल बोर्ड से जांच कराने के आदेश डीआईओएस ने दिए हैं।
अब तक 22 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े
अभी तक हाईस्कूल की परीक्षा में 22 फर्जी छात्र पकड़े जा चुके हैं। गणित विषय की परीक्षा में पंजीकृत 29583 में से 25686 ने परीक्षा दी। शेष 3897 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ गए।
डिप्टी सीएम के दावे खोखले
दो दिन पहले ही डिप्टी सीएम व शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सुहागनगरी आए थे और दावा करके गए थे कि यूपी बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा बंद हो गया है। लेकिन यहां फर्जी परीक्षार्थी लगातार पकड़े जा रहे हैं। नकल पर नकेल के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
केंद्र व्यवस्थापक हर बच्चे के आधार कार्ड और फोटो का मिलान करें। एक भी फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा न दे पाए। अगर कोई फर्जी छात्र किसी भी अधिकारी या सचलदल द्वारा पकड़ा जाता है तो केंद्र व्यवस्थापक पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसलिए कक्ष निरीक्षक भी सतर्क रहें। रितु गोयल - डीआइओएस