मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य के लिए न पहुंचने वाले परीक्षकों के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए परीक्षकों के ड्यूटी कार्ड एक सप्ताह पहले ही जिले में भेज दिए गए हैं। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षक समय से मूल्यांकन केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। जिला विद्यालय निरीक्षक को सचिव ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया जाए कि सभी परीक्षकों को 14 मार्च को ही मूल्यांकन कार्य के लिए कॉलेज से रिलीव कर दिया जाए। जो परीक्षक मूल्यांकन कार्य में न पहुंचें उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
300 कॉलेजों ने नहीं लिए ड्यूटी कार्ड
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर दर्ज रिकार्ड के अनुसार 473 कॉलेजों में से बुधवार तक 300 कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने बुधवार तक परीक्षक ड्यूटी कार्ड प्राप्त नहीं किए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि हर हाल में शीघ्र ड्यूटी कार्ड प्राप्त कर परीक्षकों को कार्य मुक्त कर दें।