मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों के धीमी गति से कार्ड जारी होने पर उप मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई है। उप मुख्यमंत्री और शासन की प्रमुख सचिव ने ड्यूटी पर न पहुंचने वाले शिक्षकों के विरुद्ध माध्यमिक शिक्षा परिषद की विभिन्न धाराओं के साथ ही एस्मा की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं की तैयारियों की प्रतिदिन उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा समीक्षा कर रहे हैं। शुक्रवार की देर रात उप मुख्यमंत्री दिनेश चंद्र शर्मा व शासन की प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला ने जिले के अधिकारियों के साथ यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर वीडियो कांफ्रेंस की। इस दौरान बताया गया कि बड़ी संख्या में शिक्षक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी के लिए नहीं पहुंच रहे हैं इस प्रकार की जानकारी केंद्र व्यवस्थापकों से प्राप्त हुई है। इस पर उप मुख्यमंत्री और शासन की प्रमुख सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि परीक्षा में ड्यूटी पर न पहुंचने वाले शिक्षकों के खिलाफ माध्यमिक शिक्षा अधिनियम की धारा 109 व 110 के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे शिक्षकों में एस्मा की कार्रवाई भी की जाए।
परीक्षा के दौरान कॉलेज रखें बंद
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रघुराज सिंह पाल ने कहा कि उप मुख्यमंत्री और शासन की प्रमुख सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान सभी कॉलेजों के शिक्षक परीक्षा कार्य में सहयोग करें। इस दौरान जरूरत पड़ने पर कॉलेज बंद रखे जाएं। परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षक यदि कॉलेजों में परीक्षा समय में पढ़ाते पाए गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
17 को ही रिलीव कर दें कक्ष निरीक्षकों को
सभी प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके कॉलेज के जितने शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा के लिए लगाई गई है। उन्हें 17 फरवरी को सुबह 11 बजे से पहले रिलीव करते हुए संबंधित केंद्र पर ज्वाइन कराने के लिए निर्देश दिए।
सभी प्रधानाचार्य सुनिश्चित करें कि कक्ष निरीक्षकों को समय से रिलीव करते हुए परीक्षा केंद्र पर ज्वाइन कराने को आदेशित करें। उप मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं। उनका पालन किया जाए। अन्यथा की स्थिति में स्वयं जिम्मेदार होंगे।
रघुराज सिंह पाल, प्रभारी डीआईओएस