मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाए गए कॉलेजों के प्रधानाचार्य जिला विद्यालय निरीक्षक व माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। परिषद के निर्देश पर निर्धारित समय में कक्ष निरीक्षकों की सूचना न देने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने 50 कॉलेजों को नोटिस जारी किया है।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 25 दिसंबर तक यूपी बोर्ड परीक्षा में केंद्र बनाए गए सभी कॉलेजों से कक्ष निरीक्षकों की जानकारी मांगी थी। निर्धारित तिथि तक जिले में परीक्षा केंद्र बनाए गए 91 में से मात्र 41 परीक्षा केद्रों के प्रधानाचार्यों ने ही कक्ष निरीक्षक के लिए सूचना दी।
प्रधानाचार्यों से समय से कक्ष निरीक्षक की सूचना न मिलने पर सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को ऐसे कॉलेज संचालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने चेतावनी दी है कि वे दो दिन के अंदर कक्ष निरीक्षकों की जानकारी उनके कार्यालय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बोर्ड परीक्षा से संबंधित जो भी जानकारी मांगी जाए उसे निश्चित समय पर उपलब्ध कराया जाए। अन्यथा की स्थिति में अगले साल से संबंधित कॉलेज को ब्लैक लिस्टेड घोषित कर दिया जाएगा।
सर्वेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक