मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2025 की तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा से पहले परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराने का निर्णय लिया है।
केंद्र बने काॅलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वेे परीक्षा संबंधी सारी तैयारियां जल्द पूरी कर लें। परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के लिए अलग-अलग स्ट्रांग रूम बनाने के आदेश दिए गए हैं। स्ट्रांग रूम के रोशनदान और खिड़कियों की पूरी तरह से बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। इस बार की परीक्षा में जिले में 60516 परीक्षार्थी बैठने जा रहे हैं।
विभाग ने परीक्षा की तैयारियों तेजी के साथ शुरू कर दी हैं। जिले में परीक्षा के लिए 94 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर व्यवस्थाओं के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने कड़े निर्देश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने पत्र जारी कर संबंधित प्रधानाचार्यों को आदेश दिए हैं कि वे प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के लिए अलग-अलग स्ट्रांग रूम की स्थापना कराएं। स्ट्रांग रूम में दोनों तरफ कैमरे लगाए जाएं। स्ट्रांग रूम के जंगले और रोशनदान की पैकिंग कराई जाए।
ऑनलाइन निगरानी के लिए डीबीआर और सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखे जाएं। छात्र-छात्राओं के लिए पेयजल, शौचलय, बैठने के लिए फर्नीचर आदि की व्यवस्था उचित रखी जाए।