मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन जिले के केंद्रों पर लगातार जारी है। सोमवार को हाईस्कूल की 18721 और इंटरमीडिएट की 14056 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। जिले में अब तक 329930 उत्तर पुस्तिकाओं में से 304401 का मूल्यांकन किया जा चुका है। जिले में 92.26 प्रतिशत मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने तीन मई तक मूल्यांकन पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
कंट्रोल रूम प्रभारी प्रधानाचार्य एसपी सिंह ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी पर इंटरमीडिएट की 81596 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई हैं। जिनमें से अब तक 54048 का मूल्यांकन हो चुका हैं। सोमवार को यहां 9382 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। नर सिंह यादव इंटर कॉलेज करहल पर इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूूल्यांकन किया जा रहा है। यहां 68815 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई हैं, जिसमें से 63491 प्राप्त हुई हैं। सोमवार को यहां 4683 का मूल्यांकन किया गया। यहां अब तक 55241 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मैनपुरी को हाईस्कूल की 106580 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित हुई हैं जिनमें से 92682 प्राप्त हुई हैं। सोमवार को यहां 11256 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। प्रधानाचार्य सुमन यादव ने बताया कि यहां अब तक 87856 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा चुका है। जैन इंटर कॉलेज करहल पर 112203 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित हुई हैं जिनमें से अभी तक 97874 प्राप्त हुई हैं। सोमवार को यहां 7465 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। पर्यवेक्षक मंजूलता यादव ने बताया कि यहां अब तक प्राप्त सभी 97874 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा किया जा चुका है।