ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है। 15 ब्लॉक में बंपर जीत मिली है। 14 ब्लॉक में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं जबकि एकमात्र बरौली अहीर ब्लॉक में शनिवार को मतदान हुआ। जहां भाजपा के उत्तम सिंह ने सपा की सरिता को 50 वोट से हरा दिया। 130 क्षेत्र पंचायत सदस्यों वाले बरौली अहीर में भाजपा को 90 और सपा को 40 वोट मिले हैं।
बरौली अहीर में सपा प्रत्याशी सरिता यादव और भाजपा के उत्तम सिंह के बीच शनिवार को सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान चला। यहां 130 सदस्यों ने वोट डाले जिसमें 90 वोट भाजपा के उत्तम सिंह और 40 सदस्यों ने सरिता के पक्ष में मतदान किया। शाम चार बजे मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया।
चार ब्लॉक प्रमुख कक्षा पांच पास
भाजपा के 15 ब्लॉक प्रमुख में चार की शैक्षिक योग्यता कक्षा पांच पास है। एक प्रत्याशी कक्षा आठ है जबकि दो हाईस्कूल पास हैं। जगनेर से जीते वीरेंद्र सिंह की शैक्षिक योग्यता डिप्लोमा बताई है, लेकिन डिप्लोमा कौन सा है यह स्पष्ट नहीं। सात पदों पर महिलाएं काबिज हैं।