राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष के एस्कॉर्ट में जा रही यूपी-100 पीआरवी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मृत पड़े पशु से टकराकर पलट गई।
इससे मोबाइल वैन में सवार एचसीपी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां से उनके परिवारीजन उन्हें प्राइवेट उपचार के लिए ले गये।
घटना शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे की है। एससी आयोग के अध्यक्ष डा. रामशंकर कठेरिया आगरा से इटावा की ओर जा रहे थे। नसीरपुर सीमा में प्रवेश होते ही डेल्टा द्वारा पीसी टू को आदेशित किया गया कि शीघ्र ही एस्कॉर्ट करें।
एससी आयोग के अध्यक्ष की गाड़ी तेज रफ्तार पर थी, उसका पीछा करना यूपी-100 मोबाइल को आसान नहीं था। पुलिसकर्मियों का कहना है कि अधिकारियों द्वारा बार-बार एस्कॉर्ट के लिए निर्देशित करने के चलते मोबाइल वैन के चालक आनंद ने गाड़ी को भगाना शुरू कर दिया।