स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अर्जुन नगर के गोविंद कुंज में एलर्जी विशेषज्ञ के घर पर अवैध रूप से चल रही क्लीनिक को सील कर दिया है। विभाग ने चिकित्सक को नोटिस दिया है। यहां बिना लाइसेंस के क्लीनिक में मरीज देखे जा रहे थे।
अर्जुन नगर में डॉ. कृष्णगोपाल अपने घर पर एलर्जी एंड लंग केयर सेंटर के नाम से क्लीनिक चला रहे थे। यह फिजीशियन और एलर्जी विशेषज्ञ हैं। यहां मरीजों का इलाज होने पर लोगों को कोरोना वायरस का डर सताने लगा। इस पर पड़ोसियों ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में शिकायत की।इन्फेक्शन प्रिवेंटिव कंट्रोल की टीम निरीक्षण करने पहुंची।
मौके पर तीन मरीज ओपीडी में बैठे थे और चिकित्सक इन्हें देख रहे थे। चिकित्सक से क्लीनिक का लाइसेंस मांगा तो वह दिखा नहीं पाए। उन्होंने बताया कि खेरिया मोड़ पर उनकी क्लीनिक है, लेकिन उसके भी लाइसेंस दो-तीन साल पहले ही नवीनीकरण न कराने से निरस्त हो गया है।