आगरा की खेरागढ़ तहसील क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ घायल हो गया। घायल अधेड़ के सड़क किनारे पड़े होने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। अज्ञात व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है।
घटना सोमवार सुबह करीब दस बजे की है। थाना खेरागढ़ क्षेत्र के कागारोल खेरागढ़ मार्ग स्थित चीत गांव के पास सड़क किनारे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसकी सांसे चल रही थीं, तो पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर उसे उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेज दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसआई सत्यपाल सिंह नागर ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस उसकी पहचान कराने में जुटी हुई है। आसपास के लोगों और थानों में सूचना दी गई है।