आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म चार की बेंच पर पड़ी अज्ञात व्यक्ति की लाश
- फोटो : अमर उजाला
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर अज्ञात व्यक्ति की लाश 14 घंटे तक बेंच पर पड़ी रही। वेंडरों ने स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ को सूचना दी मगर किसी ने शव को उठवाने की जहमत नहीं उठाई। प्लेटफार्म पर दुर्गंध फैलने पर गुरुवार दोपहर यात्रियों के हंगामा करने पर जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
आगरा मंडल के ए क्लास स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर एक बीमार व्यक्ति उम्र तकरीबन 65 साल बेंच पर पड़ा था। कुलियों और वेंडरों ने बताया कि वह दो दिन से बीमारी की हालत में बेंच पर ही पड़ा था। बुधवार को किसी समय उसने दम तोड़ दिया।
रात्रि 11 बजे वेंडरों ने एक व्यक्ति के प्लेटफार्म पर मृत पड़े होने की जानकारी स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ थाने में जाकर दी। इसके बाद भी किसी ने शव को उठवाने की जहमत नहीं उठाई।