आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए करीब 1.60 लाख छात्रों ने वेब रजिस्ट्रेशन कराया है। जबकि प्रवेश अभी तक करीब 4500 छात्रों के ही हुए हैं। विश्वविद्यालय ने वेब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया की आखिरी तारीख 10 सितंबर तक बढ़ा दी है। पहले यह सात सितंबर निर्धारित थी।
विश्वविद्यालय स्तर से शैक्षणिक सत्र 2021-22 में छात्रों के प्रवेश मेरिट के आधार पर लेने के निर्णय लिए हैं। अभी विश्वविद्यालय के आवासीय इकाई के संस्थान और संबद्ध कॉलेज छात्रों से आवेदन फॉर्म स्वीकार कर रहे हैं। प्रवेश नहीं लिया जा रहा है। वेब रजिस्ट्रेशन बंद होने के बाद ही प्रवेश में तेजी आएगी। इसके बाद कॉलेज आवेदन के आधार पर मेरिट तैयार करेंगे। मेरिट लिस्ट के आधार पर छात्रों के प्रवेश लिए जाएंगे। अभी शहर के किसी भी बड़े कॉलेज की ओर से किसी भी पाठ्यक्रम की मेरिट लिस्ट जारी नहीं की गई है।
प्राचार्य परिषद के महामंत्री और सेंट जोंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह का कहना है कि स्नातक स्तर के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्रों के आवेदन ठीकठाक आ गए हैं। मेरिट बनाने के लिए वेब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बंद होने का इंतजार किया जा रहा है। मेरिट बनाने में सभी आवेदकों को शामिल करना होगा। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि छात्र हित में वेब रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख बढ़ाई गई है।