कासगंज। कोरोना संकट के बीच स्नातक एवं परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं शुक्रवार से 14 केंद्रों पर शुरू हो गईं। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेर आदि के पर्याप्त इंतजाम किए गए। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए टीमें सक्रीय रहीं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को मास्क के साथ ही प्रवेश करने दिया गया। जिन परीक्षार्थियों पर मास्क नहीं थे उनको केंद्र से उपलब्ध कराए गए। परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने से पहले परीक्षार्थियों के हाथ सैनिटाइज किए गए। साथ ही थर्मल स्कै नर से परिक्षार्थियों के तापमान की भी जांच की गई। नगर पालिका कन्या महाविद्यालय में प्रथम पाली में एमए शिक्षाशास्त्र के 75 परीक्षार्थी उपस्थित और चार अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में बीएससी के दो परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। तृतीय पाली में एमए संगीत व एमए शिक्षाशास्त्र के 26 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। केए महाविद्यालय में पहली पाली में एमकॉम के 6, दूसरी पाली में बीएससी के 15 तथा एमएससी के 3 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। तीसरी पाली में बीकॉम, एमए भूगोल, एमए राजनीतिशास्त्र की परीक्षा हुई, जिसमें 130 में से 3 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।