कासगंज। यूपीपीसीएस (उत्तर प्रदेश संघ लोक सेवा आयोग) का परिणाम शुक्रवार को घोषित हो गया। इसमें शहर के दो सगे भाईयों का चयन हो गया है। बड़े भाई गौरव सिंह ने सहायक आयुक्त वाणिज्यकर के पद के लिए 38वी रैंक हासिल की है। जबकि छोटे भाई अंकित सिंह ने यूपी पुलिस में डीएसपी पद के लिए 86वीं रैंक प्राप्त की है।
शहर के मोहल्ला जय जयराम निवासी इन दोनों भाईयों के पिता डॉ. राम प्रसाद स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनकी मां पुष्पा देवी कासगंज के गांव नगला बिदारी के परिषदीय स्कूल में शिक्षिका हैं। दोनों की सफलता पर परिवार में खुशियां छाई हैं। परिजनों को लाड़लों की सफलता पर लोग बधाइयां दे रहे हैं।
गौरव सिंह : अब तक जीएसटी अधीक्षक, अब सहायक आयुक्त वाणिज्यकर
गौरव सिंह ने प्राथमिक शिक्षा कासगंज से, माध्यमिक शिक्षा एटा से और उच्च शिक्षा कानपुर से ली है। बीटेक करने के बाद उन्होंने वर्ष 2014 में चयन सेवा आयोग के तहत समीक्षा अधिकारी के लिए परीक्षा दी। वर्ष 2015 में वे समीक्षा अधिकारी बन गए। इसके बाद उन्होंने एसएससी की परीक्षा दी। इसमें उनका चयन जीएसटी अधिकारी के रूप में हो गया। फिलहाल वे बैंगलोर में तैनात हैं। अब गौरव यूपीपीसीएस की परीक्षा में सहायक आयुक्त वाणिज्यकर के पद पर चयनित हुए है। वे अपनी सफलता का श्रेय माता पिता को देते हैं।
अकिंत सिंह : संघ लोकसेवा आयोग की परीक्षा में आई थी 788 वीं रैंक
अंकित सिंह ने प्राथमिक शिक्षा से माध्यमिक शिक्षा तक की पाढ़ाई कासगंज में ही यूपी बोर्ड से की है। उच्च शिक्षा दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से हासिल की। बचपन से ही अंकित शिक्षा के क्षेत्र में होनहार रहे। अभी इसी साल अगस्त माह में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में उन्होंने 788 रैंक हासिल की थी। उसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा दी और अब इस परीक्षा में यूपी पुलिस के पुलिस उपाधिक्षक के पद पर चयनित हुए है। अंकित की बहन छाया सिंह नोएडा में रहती हैं। वे अपनी सफलता को श्रेय माता, पिता, बड़े भाई व बहन को देते हैं।
कासगंज फोटो अंकित सिंह- फोटो : KASGANJ