आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन के दूसरे चरण के डिग्री वितरण अभियान के तीसरे दिन भी छलेसर कैंपस में कम कॉलेज डिग्री लेने के लिए पहुंचे। कोड संख्या 201 से 300 तक के कुल 100 कॉलेजों को डिग्री लेने के लिए बुलाया गया था। 33 कॉलेजों के प्रतिनिधि करीब 26,000 डिग्रियां ले गए।
अभियान के तीन दिनों में करीब 62,000 डिग्रियां 78 कॉलेज को वितरित की गई है। जबकि 300 कॉलेजों को डिग्री लेने के लिए बुलाया गया था। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव ने बताया कि रविवार को भी विश्वविद्यालय के छलेसर कैंपस से डिग्रियां वितरित की जाएंगी। कॉलेज कोड 301 से 400 तक के कॉलेजों को डिग्री लेने के लिए बुलाया गया है। अभियान नौ दिसंबर तक चलेगा, इस अवधि में जो कॉलेज निर्धारित तारीखों पर नहीं पहुंच पाए हैं, वह आते हैं तो डिग्री दे दी जाएगी। संबंधित सत्र की डिग्रियां कॉलेजों को अनिवार्य रूप से ले जानी है। छात्र-छात्राएं कॉलेजों से ही डिग्री निशुल्क प्राप्त करेंगे।