पाकिस्तान को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालातों में भारत और पाकिस्तान के बीच कोई भी खेल का मुकाबला नहीं हो सकता। रिजिजू रविवार को मथुरा में आयोजित भाजपा के कार्यकम में आए थे।
केंद्रीय मंत्री ने एसकेएस ग्रांड पैलेस में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर 'राष्ट्रीय एकता अभियान' के तहत अनुच्छेद 370 और 35 ए पर आयोजित 'जन जागरण व प्रबुद्ध गोष्ठी' का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप जलाकर किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने की ताकत देश की जनता ने दी है। मोदी जैसे नेतृत्व ही इस असंभव कार्य को कर सकता था। मोदी ने 70 साल की जन आकांक्षाओं को पूरा किया है।